डीसी किरण भड़ाना ने ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, मिठाई और उपहार बांटकर जाना कुशलक्षेम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बुजुर्गों का सम्मान और देखभाल करना हम सभी का नैतिक दायित्व: किरण भड़ाना
डीसी किरण भड़ाना ने ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली, मिठाई और उपहार बांटकर जाना कुशलक्षेम
नवंबर 06, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): दीपावली के मद्देनजर उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई, फल एवं उपहार वितरित किए तथा उनका कुशलक्षेम जाना।
उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके जीवन के अनुभवों को सुना। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्ग परिवार एवं समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने जीवनभर परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में हमारा नैतिक दायित्व है कि हम उनका सम्मान करें और जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें प्रेम, सुरक्षा और अपनत्व प्रदान करें।
बुजुर्गों की देखभाल केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों और मानवीय मूल्यों की पहचान भी है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आग्रह किया कि कोई भी बुजुर्ग उपेक्षा और अकेलेपन का शिकार न हो। उन्होंने मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा निराश्रित एवं बेसहारा बुजुर्गों को आश्रय और परिवार जैसा वातावरण उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का सराहनीय उदाहरण है।
जिला प्रशासन ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। मानव सेवा ट्रस्ट सुंदरनगर के संस्थापक एवं अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2020 से ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। अब तक यहां 106 निराश्रित बुजुर्गों को आश्रय प्रदान किया जा चुका है।
इनमें से 57 बुजुर्गों को परिजनों के साथ काउंसलिंग के बाद ससम्मान उनके परिवारों में वापस भेजा गया है, जबकि 10 बुजुर्गों का बीमारी एवं वृद्धावस्था के कारण निधन हो चुका है। वर्तमान में आश्रम में 25 बुजुर्ग रह रहे हैं। इनमें 15 ऐसे बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिन्होंने लंबे समय तक सड़कों पर कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताया।
आज उन्हें आश्रम में सुरक्षित आश्रय और परिवार जैसा स्नेह एवं सम्मान मिल रहा है। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बिलासपुर के सचिव अमित कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान रचना कुमारी, पंचायत समिति सदस्य पूजा देवी, मानव सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य, आश्रम के कर्मचारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।