दिवाली के दौरान पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित किए स्थान, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 02, शिमला (हिमाचल प्रदेश): दिवाली पर्व के दौरान आम जनता की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उपमंडलाधिकारी (नागरिक), शिमला ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा ने पटाखों एवं आतिशबाजी की बिक्री के लिए विभिन्न स्थान निर्धारित किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार तहसील शिमला ग्रामीण के अंतर्गत तलाई मंदिर मैदान मशोबरा तथा ग्राम पंचायत थड़ी, शोघी में पटाखों की बिक्री की जा सकेगी।
इसी प्रकार तहसील जुन्गा के अंतर्गत जुन्गा क्षेत्र के लिए चाइल क्रॉसिंग के समीप सीढिय़ों के पास, कोटी क्षेत्र के लिए मार्केटिंग कमेटी भवन के समीप खुले स्थान पर तथा जनेड़घाट क्षेत्र के लिए ग्राम पंचायत जनेड़घाट के मैदान को बिक्री स्थल निर्धारित किया गया है। वहीं, उपतहसील धामी के अंतर्गत खेल का चौरा में पटाखों की बिक्री की अनुमति प्रदान की गई है।
आदेशों के अनुसार संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार इन निर्धारित स्थलों को चिह्नित करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि पटाखों एवं आतिशबाजी की बिक्री के लिए दुकानें केवल इन्हीं स्थानों पर लगाई जाएं। तहसीलदार शिमला ग्रामीण, तहसीलदार जुन्गा तथा नायब तहसीलदार धामी को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।