दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति, जशपुर पुलिस ने निभाई संवेदनशीलता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जशपुर। पुलिस विभाग अपने कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रित परिजनों को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम की पत्नी प्रियंका भगत और स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम के पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिली है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह की संवेदनशील पहल और निर्देश पर दोनों मामलों में विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया गया। नियुक्ति के माध्यम से दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल देने की दिशा में विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम की पत्नी को मिली नियुक्ति
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम, आरक्षक क्रमांक 302, की पुलिस विभाग में भर्ती 25 अक्टूबर 2009 को हुई थी। उनके निधन के बाद परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए उनकी पत्नी श्रीमती प्रियंका भगत को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। नियुक्ति से परिवार को भविष्य के लिए सहारा मिलने के साथ ही पुलिस विभाग से उनका जुड़ाव भी बना रहेगा।
स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम के पुत्र बने आरक्षक
इसी तरह स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम, आरक्षक क्रमांक 441, की पुलिस विभाग में भर्ती 4 अप्रैल 2007 को हुई थी। उनके निधन के बाद उनके परिवार के हित को ध्यान में रखते हुए पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।
पुलिस परिवार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन एक परिवार की तरह हैं। विभाग के किसी सदस्य के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिन परिस्थितियों में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य आश्रित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने नव-नियुक्त आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन का भरोसा दिलाया।