दिव्यऋषि तिवारी की मौत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। युवा अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी की विद्युत खंभे में करंट आने से हुई मौत के विरोध में प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना के नेतृत्व में गुरुवार को डीबी मॉल के सामने पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संजीव सक्सेना ने आरोप लगाया कि दिव्यऋषि तिवारी की मौत महज हादसा नहीं, बल्कि संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने शहर में खुले विद्युत तार, अव्यवस्थित विद्युत खंभों, मेट्रो निर्माण से जुड़ी सड़कों की स्थिति और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए।
सक्सेना ने कहा कि घटना के बाद सरकार ने जांच कमेटी गठित की है, लेकिन कांग्रेस की मांग है कि जांच को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर उनकी जवाबदेही तय करने की मांग की।
कांग्रेस ने यह भी मांग की कि घटनास्थल पर विद्युत व्यवस्था की तकनीकी जांच कराई जाए। इसमें प्रॉपर अर्थिंग और इंसुलेशन की व्यवस्था थी या नहीं तथा किसी तरह की तकनीकी कमी मौजूद थी या नहीं, इसकी भी जांच की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति की लापरवाही के कारण दिव्यऋषि तिवारी की मौत होना प्रमाणित होता है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की लागू धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने प्रेस नोट में धारा 302 के तहत भी कार्रवाई की मांग रखी है।
साथ ही नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी, विद्युत विभाग और मेट्रो कॉरपोरेशन सहित घटना से संबंधित सभी विभागों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी स्पष्ट करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विरोध का उद्देश्य दिव्यऋषि तिवारी के लिए न्याय और जिम्मेदारी तय कराने के साथ भोपाल में आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण, मेट्रो कार्य और स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़, दीपू तोमर, सुशील प्रजापति, अजय श्रीवास्तव, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष प्रणव सक्सेना, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष महेंद्र यादव, महासचिव अनिल यादव, प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव धनंजय गिरी, जिला युवा कांग्रेस महासचिव अभय रामभक्त, हिमांशु धाकड़ और पुनीत टंडन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।