व्यापार

दियूनी-बैराज से गर्रा नदी में छोड़ा गया 35502 क्यूसेक पानी:शाहजहांपुर में डीएम ने गर्रा नदी पर व्यवस्थाएं परखी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 3 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दियूनी-बैराज से गर्रा नदी में छोड़ा गया 35502 क्यूसेक पानी:शाहजहांपुर में डीएम ने गर्रा नदी पर व्यवस्थाएं परखी

शाहजहांपुर की गर्रा नदी में दियूनी बैराज से लगातार दूसरी बार पानी छोड़ा गया है। इस बार 35502 क्यूसेक पानी नदी में पास किया गया। इससे पहले 1 सितंबर को भी 21 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने गर्रा नदी के आसपास संवेदनशील जगहों का निरीक्षण किया है।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से नदी के करीब जाने से बचने की अपील भी की है। गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अभी यह खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही है। डीएम ने अधिकारियों के साथ गर्रा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील जगहों का निरीक्षण किया।

उन्होंने मोहल्ला सुभाष नगर के पास गर्रा नदी पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बन रहे पुल पर पहुंचकर जलस्तर का जायजा लिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने मौजमपुर पंप कैनाल के पास डैम रोड का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) को निर्देश दिए कि डैम रोड के कल्वर्ट को लोक निर्माण विभाग की देखरेख में बंद करा दें। इससे गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का पानी शहर की ओर नहीं आ पाएगा। उन्होंने अजीजगंज तटबंध के पास कांशीराम कॉलोनी के नाले पर लगे गेट का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा। उन्होंने एडीएम को दो से तीन शरणालयों को सक्रिय करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि बढ़े हुए जलस्तर का असर शाहजहांपुर जिले में 4 सितंबर, 2026 को पहुंचने की संभावना है, जो 148.00 मीटर तक पहुंच सकता है।

छोड़े गए इस पानी का असर शाहजहांपुर शहर में अजीजगंज पुल पर 3 से 4 दिन में दिखेगा। इस पानी से मुख्य रूप से तहसील सदर और तहसील तिलहर का क्षेत्र प्रभावित होता है। अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का वर्तमान जलस्तर 146.10 मीटर है, जिसमें लगभग 2 मीटर की वृद्धि होने की संभावना है।

यह खतरे के निशान 148.80 मीटर से नीचे रहने का अनुमान है। वर्तमान में अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।