ड्रग तस्करी का आरोपी नवप्रीत सिंह तुर्किये से भारत लाया गया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 03, नई दिल्ली: ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में भारतीय एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े आरोपी नवप्रीत सिंह को तुर्किये से भारत लाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, नवप्रीत सिंह ने ‘नवाब विर्क’ नाम से तुर्किये की नागरिकता हासिल की थी और वह अफगानिस्तान से भारत तक हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को संचालित करता था।
भारतीय एजेंसियों की कार्रवाई के बाद उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई और उसे भारत वापस लाया गया। उसके खिलाफ ड्रग तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नवप्रीत सिंह को तुर्किये से डिपोर्ट कराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अमित शाह के मुताबिक, आरोपी ने ‘नवाब विर्क’ की कथित फर्जी पहचान के जरिए तुर्किये की नागरिकता हासिल की थी और अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन तथा मेथामफेटामाइन की तस्करी करता रहा।
गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय एजेंसियों ने आरोपी को ट्रैक किया और उसकी वास्तविक पहचान सामने लाने के बाद उसका डिपोर्टेशन कराया। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को बधाई दी।