विदेश

दुबई में भारतीय समुदाय ने धूमधाम से मनाई दिवाली

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दुबई में भारतीय समुदाय ने धूमधाम से मनाई दिवाली

03 नवंबर, नई दिल्ली : दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से एफओआई इवेंट्स के सहयोग से भव्य दिवाली समारोह आयोजित किया गया। आयोजन में करीब पांच हजार से अधिक भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए। समारोह में सिंगापुर, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड और मॉरीशस समेत सात साझेदार देशों ने भागीदारी की।

इसके अलावा, यूएई के अधिकारियों, विभिन्न देशों के राजनयिकों और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।कार्यक्रम में विभिन्न देशों की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विशेषताओं को अलग-अलग थीम वाले स्टॉल के जरिए प्रदर्शित किया गया। वहीं, दुबई बैंड की प्रस्तुति और प्रेरणा समूह के दिव्यांगजनों के प्रतिभा प्रदर्शन ने समारोह को बेहद खास बना दिया।

इस दौरान श्रीलंका और नेपाल के कलाकारों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। वहीं, रंग-बिरंगी रंगोलियों और नृत्य प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।समारोह में नीदरलैंड, पेरू, कजाकिस्तान, अजरबैजान, फिलीपींस, बांग्लादेश, अमेरिका, ब्रिटेन, इराक, केन्या और मिस्र समेत कई देशों के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

इस आयोजन के जरिए दिवाली के वैश्विक स्वरूप, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया गया।दुबई में नेपाल के महावाणिज्य दूत हरि प्रसाद ओदारी ने कहा कि दिवाली जैसे आयोजन विभिन्न देशों को एकजुट होने और अपने संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं, मॉरीशस के महावाणिज्य दूत ने कहा कि इस तरह के दिवाली उत्सव विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं को समझने में मदद करते हैं।

मलेशिया के प्रतिनिधि ने कहा कि दिवाली तीस लाख भारतीय मूल के मलेशियाई लोगों के लिए बेहद खास दिन है। (फोटो/वीडियो कैप्शन- दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से एफओआई इवेंट्स के सहयोग से भव्य दिवाली समारोह आयोजित किया गया)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।