'दुर्ग में आयोजित हुआ संसद-सरपंच संवाद कार्यक्रम, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा'
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
दुर्ग :- केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से दुर्ग में संसद-सरपंच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दुर्ग सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की करीब 300 ग्राम पंचायतों के सरपंच शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी सरपंचों को दी गई। वहीं, ग्राम पंचायतों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का प्रस्तुतिकरण भी किया गया। इस दौरान सरपंचों ने शासकीय योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ ही अपने क्षेत्र की समस्याओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों को लेकर सवाल पूछे। विभागीय अधिकारियों ने सरपंचों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी दी।
मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संसद-सरपंच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वहीं, कार्यक्रम में शामिल ग्राम सरपंचों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रमों से शासन की योजनाओं को समझने, उनके क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समाधान प्राप्त करने और ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।