देश

एआईएसएफ सम्मेलन में नई शिक्षा नीति के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एआईएसएफ सम्मेलन में नई शिक्षा नीति के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प

सिटी रिपोर्टर | बेगूसराय एआईएसएफ का 22वां जिला सम्मेलन एसबीएसएस कॉलेज में संपन्न हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग ने कहा कि इस देश की सरकार लगातार छात्रों पर हमलावर है। केंद्र सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से छात्रों के पाठ्यक्रम का सांप्रदायीकरण कर रही है।

रोजगारविहीन शिक्षा मॉडल गरीब-वंचित वर्ग के छात्रों पर थोपा जा रहा है। इसके खिलाफ देश भर के छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं। छात्र लगातार यह मांग कर रहे हैं कि शिक्षा सबों के लिए समान रूप से नि:शुल्क मुहैया कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में पेपर लीक होने से छात्र आक्रोशित हैं। नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित नहीं हो रही हैं।

जिला सम्मेलन के मौके पर छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लेना होगा। यह लड़ाई आम छात्रों की लड़ाई है। सम्मेलन में राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने बिना संसद में बहस किए नई शिक्षा नीति-2020 जबरन थोप दी। इसके खिलाफ आम छात्रों को संघर्ष तेज करने की जरूरत है।

सम्मेलन में इसके लिए कार्यक्रम बनाने की जरूरत है। वहीं राज्य अध्यक्ष सुधीर कुमार एवं राज्य संयुक्त सचिव राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि बेगूसराय जिला सम्मेलन में जो नई कमिटी चुनी जाएगी, उस पर छात्र आंदोलन को संगठित करने की जिम्मेवारी होगी। जिला के सभी छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करना होगा।

धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने किया। सम्मेलन से पूर्व जीडी कॉलेज से एक जुलूस निकाला गया। लाल झंडे के साथ छात्र-छात्राएं शहीद ऋषि रंजन मार्ग से होते हुए हरहर महादेव चौक के रास्ते एसबीएसएस कॉलेज पहुंचे। जुलूस आम सभा में परिणत हो गया। सम्मेलन के खुले सत्र की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने की।

सर्वप्रथम सभा स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग ने ध्वजारोहण किया। सम्मेलन को जिला उपाध्यक्ष वसंत कुमार, हसमत बालाजी, रवीना कुमारी ने भी संबोधित किया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।