राजनीति

एचपी बोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य और स्टाफ ने जताया आभार

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 27, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): जिला मुख्यालय के पूर्ववर्ती गर्ल्स स्कूल में अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत स्थापित किए गए को-एजुकेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य पूनम चौहान और स्टाफ के अन्य सदस्यों ने आज मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू से भेंट करके उक्त स्कूल को बहाल करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।

सुनील शर्मा बिट्टू ने भी पूरे स्टाफ को बधाई दी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की उम्मीदों के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सुनील शर्मा बिट्टू का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे हमीरपुर के बच्चों को सीबीएसई स्कूल के अलावा एचपी बोर्ड से शिक्षा प्राप्त करने का विकल्प भी मिला है।

उन्होंने कहा कि स्कूल के सभी शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष रूप से फोकस करेंगे तथा शिक्षा के प्रति मुख्यमंत्री के विजन को साकार करने की दिशा में समर्पण भाव से कार्य करेंगे।

प्रधानाचार्य ने कहा कि स्कूल के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं कॅरियर गाइडेंस के लिए भी उचित प्रबंध किए जाएंगे। इस अवसर पर एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा और अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।