देश

ED की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ED की जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी

अगस्त 19, नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आजम खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

ईडी की टीमों ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में आजम खान के ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के रामपुर, सहारनपुर और देश की राजधानी दिल्ली में एक साथ जारी है।

ईडी की टीमें आजम खान के वित्‍तीय लेनदेन, वित्‍तीय अनियमितताओं और संदिग्‍ध फंडिंग की जांच को लेकर ये छापेमारी कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, यह मामला सरकारी ठेकों में हुई वित्तीय अनियमितताओं और निजी ठेकेदारों के जरिए फंड के कथित डायवर्जन से जुड़ा हुआ है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ निजी ठेकेदारों ने सरकारी ठेकों से मिले फंड का एक बड़ा हिस्सा गैर-कानूनी तरीके से मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी में ट्रांसफर किया।

इस धन का इस्तेमाल भारी भरकम डोनेशन और यूनिवर्सिटी की संपत्तियों और निर्माण कार्यों में किया गया।इस छापेमारी का मकसद अपराध से हुई कमाई, फाइनेंशियल रिकॉर्ड, दस्तावेज और डिजिटल सबूतों का पता लगाना है, जो सरकारी फंड को दूसरी जगह लगाने और उनके इस्तेमाल से जुड़े हैं।

गौरतलब है कि आजम खान और सहयोगियों के ठिकानों पर 2023 में भी इनकम टैक्‍स विभाग ने कर चोरी को लेकर छापेमारी की थी। उस समय हुई छापेमारी में यूपी और मध्‍य प्रदेश के 30 से अधिक ठिकानों पर जांच पड़ताड़ हुई थी। तीन दिनों तक चली इस कारवाई के तहत रामपुर स्थित आजम खान के आवास और जौहर यूनिवर्सिटी में कागजात खंगाले गए थे।

फोटो- जौहर यूनिवर्सिटी (फाइल फोटो)

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।