‘एक बदनाम आश्रम’ के ‘बाबा-निराला’ के लुक में दिखे बॉबी-देओल:कूकस के इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टूडेंट्स के बीच पहुंचे, सीन शूट किए गए
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →प्रकाश झा की चर्चित वेब सीरीज ‘एक बदनाम आश्रम’ के चौथे सीजन की शूटिंग कूकस और आसपास की लोकेशन पर चल रही है। बाबा निराला के किरदार में एक बार फिर बॉबी देओल जयपुर की लोकेशन पर नजर आए। कूकस स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बनाए गए शूटिंग सेट पर बॉबी देओल की पहली झलक देखने को मिली। वैनिटी वैन से बाहर निकलते ही कॉलेज के स्टूडेंट्स ने उन्हें घेर लिया।
शूटिंग यूनिट ने सुरक्षा घेरा बनाकर बॉबी को शूटिंग स्थल तक पहुंचाया। बॉबी ने भी स्टूडेंट्स का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और सभी का अभिवादन स्वीकार किया। शूटिंग के दौरान बॉबी एक बार फिर बाबा निराला के अंदाज में नजर आए। सीरीज से जुड़ा चर्चित संबोधन ‘जपनाम’ भी उनके किरदार के अंदाज में सुनाई दिया।
कैमरा लगने के बाद टीम ने अपने तय दृश्यों की शूटिंग शुरू की। कूकस और आसपास की कई लोकेशन पर सीरीज के चौथे सीजन के अलग-अलग दृश्यों को फिल्माया जा रहा है। जयपुर में बॉबी का शूटिंग शेड्यूल अब आने वाले कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है। यहां देखिए शूटिंग के फोटोज… कॉलेज में बनाई गई नई लोकेशन, बच्चों के बीच पहुंचे बाबा दरअसल, कूकस के जिस इंजीनियरिंग कॉलेज में शूटिंग हो रही है, वहां कहानी की जरूरत के अनुसार लोकेशन तैयार की गई है।
यहां स्टूडेंट्स के बीच बाबा निराला के पहुंचने वाले दृश्य फिल्माए जा रहे हैं। बॉबी के सेट पर पहुंचते ही वहां मौजूद स्टूडेंट्स में उत्सुकता दिखाई दी। कई स्टूडेंट्स ने उन्हें अपने कैमरे में कैद किया। शूटिंग टीम ने बॉबी को वैनिटी वैन से सीधे सेट तक पहुंचाने के लिए चारों तरफ घेरा बना रखा था।
सेट पर पहुंचने के बाद बॉबी ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद वे शूटिंग में व्यस्त हो गए। इस दौरान उनके लुक और किरदार को लेकर भी सेट पर खास तैयारी नजर आई। सीरीज के पिछले सीजन में बाबा निराला के जिस अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींचा था, उसी पहचान के साथ उनका किरदार आगे बढ़ता नजर आएगा।
शिव विलास में बना है बाबा निराला का आलीशान आश्रम जयपुर में सीरीज की शूटिंग के लिए कूकस स्थित शिव विलास होटल में बाबा निराला के आश्रम की लोकेशन तैयार की गई है। आश्रम को भव्य और आलीशान रूप दिया गया है। इसकी झलक शूटिंग के दौरान पहले भी सामने आ चुकी है। कहानी में बाबा निराला के बढ़ते प्रभाव और उसके आसपास बने पूरे साम्राज्य को दिखाने के लिए आश्रम की लोकेशन महत्वपूर्ण है।
कूकस के अलावा जयपुर के आसपास की अन्य लोकेशन को भी कहानी की जरूरत के अनुसार शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे चौथे सीजन में राजस्थान और खासकर जयपुर की लोकेशन की मौजूदगी पहले के मुकाबले ज्यादा दिखाई देने की संभावना है। बाबा निराला के साथ फिर नजर आएंगे पुराने चेहरे सीरीज में बॉबी देओल के अलावा कई ऐसे कलाकार हैं, जो पहले तीन सीजन से कहानी का अहम हिस्सा रहे हैं।
चंदन रॉय सान्याल बाबा निराला के सबसे करीबी सहयोगी भोपा स्वामी की भूमिका निभा रहे हैं। भोपा स्वामी का किरदार बाबा के साम्राज्य में बेहद महत्वपूर्ण रहा है और वह लंबे समय से उसके साथ खड़ा नजर आया है। अदिति पोहनकर फिर पम्मी के किरदार में दिखाई देंगी। पम्मी की कहानी बाबा निराला के खिलाफ संघर्ष से जुड़ती है और पिछले सीजन में उसका किरदार कहानी के प्रमुख केंद्रों में रहा।
त्रिधा चौधरी भी बबिता के किरदार में सीरीज का हिस्सा हैं। इसके अलावा अनुप्रिया गोयनका, ईशा गुप्ता, अध्ययन सुमन, विक्रम कोचर, राजीव सिद्धार्थ, सचिन श्रॉफ, अनुरिता झा, प्रीति सूद, परिणीता सेठ और जहांगीर खान जैसे कलाकार भी सीरीज के अलग-अलग महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए हैं। प्रकाश झा इस सीरीज का निर्देशन कर रहे हैं।
‘आश्रम’ का पहला सीजन वर्ष 2020 में आया था और इसके बाद इसके अगले सीजन दर्शकों तक पहुंचे।
📡 स्रोत: NewsData.io