‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान के पांच वर्ष पूरे होने पर हमीरपुर में होगा भव्य कार्यक्रम
"एक से श्रेष्ठ" अभियान के पांच वर्ष पूरे होने पर हमीरपुर में होगा भव्य कार्यक्रम पहली सितंबर को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता होंगे मुख्य अतिथि
अगस्त 31, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास से जोड़ने वाली पहल ‘एक से श्रेष्ठ’ ने अपने पांच वर्ष के सफर में 650 केंद्रों तक पहुंचकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
इस अवसर पर 1 सितंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर में अभियान की पांच वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे, और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान की शुरुआत 5 अक्तूबर 2021 को ग्रामीण क्षेत्रों के 7 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को स्कूल के बाद निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से की गई थी।
आज यह पहल 650 केंद्रों के माध्यम से हजारों बच्चों तक शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के अवसर पहुंचा रही है। इन केंद्रों में बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ बुनियादी साक्षरता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सामान्य ज्ञान, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाता है।
बच्चों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ-साथ डिजिटल शिक्षा के लिए शिक्षकों को लैपटॉप भी प्रदान किए गए हैं। पेंटिंग, योग, गणित और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास किया जा रहा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के क्रियान्वयन में एक्ट टू ट्रांसफॉर्म फाउंडेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अभियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए हैं। 120 केंद्रों से शुरू होकर 650 केंद्रों तक पहुंचने वाला ‘एक से श्रेष्ठ’ अभियान अब ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक व्यापक जनभागीदारी आधारित पहल के रूप में स्थापित हो रहा है।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अभियान की पांच वर्ष की उपलब्धियों और आगामी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।