अपराध

एक्सप्रेस-वे पर आमने-सामने भिड़े एंबुलेंस-ट्रैक्टर:चित्रकूट में एक की मौत, 22 घायल; चीख-पुकार के बीच राहगीरों ने बचाई जान

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एक्सप्रेस-वे पर आमने-सामने भिड़े एंबुलेंस-ट्रैक्टर:चित्रकूट में एक की मौत, 22 घायल; चीख-पुकार के बीच राहगीरों ने बचाई जान

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात बदौसा थाना क्षेत्र में एंबुलेंस और तीर्थयात्रियों से भरे ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में एंबुलेंस सवार मरीजों समेत 22 लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल दयादिन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। जानकारी के मुताबिक, झांसी के मऊरानीपुर से मरीजों और उनके साथ मौजूद लोगों को लेकर एक एंबुलेंस चित्रकूट के जानकी कुंज अस्पताल जा रही थी। रात करीब 9 बजे एंबुलेंस बदौसा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पहुंची।

इसी दौरान सामने से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रहा ट्रैक्टर सामने आ गया। दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस और ट्रैक्टर में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर उन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना दी।

हादसे की जानकारी मिलते ही बदौसा थाना प्रभारी निरीक्षक अभय राज और चौकी प्रभारी शनि चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। राहगीरों ने भी पुलिसकर्मियों की मदद की। घायलों को तत्काल शिवरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। हादसे में घायल कई लोग फतेहपुर और मऊरानीपुर के रहने वाले बताए गए हैं। चार की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर; इलाज के दौरान दयादिन की मौत सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार घायलों की हालत गंभीर बताई।

उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे में आशाराम, दयाराम, सेवकराम, नंदू, देवी, सूरज, प्रेमचंद, कुंवर बाई, रामरति, फूलवती, उमा देवी और रामदेवी समेत कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दयादिन की इलाज के दौरान मौत हो गई।

हादसे की खबर के बाद उनके साथ मौजूद लोगों में भी मातम पसर गया। एक्सप्रेसवे पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात हादसे के बाद दोनों वाहनों के सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े रहने से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ यातायात को व्यवस्थित कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस यह भी पता कर रही है कि टक्कर के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी और एक्सप्रेसवे पर हादसे की परिस्थितियां क्या थीं। फिलहाल एक व्यक्ति की मौत और 22 लोगों के घायल होने से हादसे ने तीर्थयात्रियों की इस यात्रा को दर्दनाक हादसे में बदल दिया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।