भोपाल

एक्शन में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल: स्वास्थ्य अधोसंरचना के कामों में देरी पर सख्त रुख, जनता के स्वास्थ से समझौता नहीं, बोले- भवन तैयार होते ही शुरू हो स्वास्थ्य सेवाएं

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एक्शन में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल: स्वास्थ्य अधोसंरचना के कामों में देरी पर सख्त रुख, जनता के स्वास्थ से समझौता नहीं, बोले- भवन तैयार होते ही शुरू हो स्वास्थ्य सेवाएं

उप मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में की स्वास्थ्य निर्माण कार्यों की समीक्षा, उपकरण, फर्नीचर और स्टाफ की व्यवस्था साथ-साथ सुनिश्चित करने के निर्देश

भोपाल, 23 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और नई स्वास्थ्य अधोसंरचनाओं को जल्द से जल्द जनता के लिए उपलब्ध कराने को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मंत्रालय में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति और पूर्ण हो चुके भवनों के लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य संस्थाओं के भवन निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद उन्हें शुरू करने में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। भवन तैयार होते ही वहां आवश्यक चिकित्सा उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इन स्वास्थ्य संस्थाओं का लाभ तत्काल मिल सके।

उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत और सघन मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए कहा कि केवल भवन निर्माण पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य संस्था को पूरी तरह क्रियाशील बनाकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

निर्माण से लेकर संचालन तक एकीकृत मॉनिटरिंग पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों, अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण, उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधन से जुड़े सभी कार्यों की एकीकृत रूप से मॉनिटरिंग की जाए, ताकि एक स्तर पर काम पूरा होने के बाद दूसरे स्तर की प्रक्रिया के कारण स्वास्थ्य संस्था का संचालन प्रभावित न हो।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लक्ष्य से पीछे चल रहे कार्यों की होगी समीक्षा

श्री शुक्ल ने समीक्षा के दौरान कहा कि पूर्व निर्धारित लक्ष्य की तुलना में वर्तमान में कम स्वास्थ्य संस्थाएं लोकार्पण के लिए तैयार हो पाई हैं। उन्होंने प्रगति में कमी के कारणों की विस्तृत समीक्षा कर निर्माण कार्यों में आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, वहां जिम्मेदारी निर्धारित की जाए और संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति को लगातार मॉनिटर करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम पूरा कराने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द जनता तक पहुंचाने पर फोकस

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना का निर्माण सीधे तौर पर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़ा है। इसलिए भवन निर्माण से लेकर उपकरणों की स्थापना और मानव संसाधन की उपलब्धता तक सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जानी चाहिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि तैयार स्वास्थ्य संस्थाओं का लाभ जनता को बिना अनावश्यक इंतजार के मिले।

बैठक में आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री धनराजू एस., प्रबंध संचालक, भवन विकास निगम श्री सिबी चक्रवर्ती, प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ कॉर्पोरेशन लिमिटेड श्री अवि प्रसाद सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।