एमएसएमई विभाग की अनूठी पहल : भिवानी में प्रदर्शनी में छात्राओं और उद्यमियों ने दिखाया हुनर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
एंकर :- भिवानी के आदर्श महिला महाविद्यालय में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशालय हरियाणा के क्षेत्रीय कार्यालय के तत्वावधान में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और नए उद्यमियों को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनके उत्पादों को सही बाजार उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई डीएफओ भिवानी की उपनिदेशक नीलिमा ने बताया कि विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर बेकरी उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू सामान तैयार करने वाले उद्यमियों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्योगों के लिए पीएमएफएमई योजना के तहत पंजीकरण कराकर लाभ लिया जा सकता है।
इसके अलावा, पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लगभग 18 प्रकार के ट्रेडों जैसे लोहार, डॉल मेकिंग, टॉय मेकिंग और टेलरिंग आदि से जुड़े लोगों को शुरुआती स्तर पर 1 लाख रुपये तक का ऋण और सरकार की तरफ से नि:शुल्क टूलकिट प्रदान की जाती है। पहला लोन सफलतापूर्वक पूरा होने पर कारोबार के विस्तार के लिए 2 लाख रुपये की अतिरिक्त किस्त का भी प्रावधान है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए डेढ़ महीने के ईएसडीपी कोर्स जैसे जूट बैग, बेकरी आइटम, ज्वेलरी और सिलाई का प्रशिक्षण तथा 15 दिवसीय मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाए जाते हैं, जिनमें उत्पादों की मार्केटिंग, उन्हें बाजार में बेचने और एक्सपोर्ट करने की पूरी ट्रेनिंग देकर सरकार द्वारा प्रमाण पत्र दिए जाते हैं।
प्रदर्शनी में भाग ले रही कॉलेज की छात्रा अक्षिता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके कॉलेज में छोटे व्यवसायों और स्टार्टअप को हमेशा प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मंच पर उन्होंने खुद अपने हाथ से बने उत्पादों की स्टॉल लगाई है, जिससे उन्हें यह सीखने का अवसर मिला है कि उत्पादों की लागत कैसे निकाली जाती है, उन्हें ग्राहकों के सामने कैसे प्रदर्शित किया जाता है और बाजार में उनकी बिक्री कैसे की जाती है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उद्यमिता विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
बाईट :- एमएसएमई डीएफओ भिवानी की उपनिदेशक नीलिमा व छात्रा अक्षिता