एमएसपी पर बेची गेहूं का नहीं मिला भुगतान:किसानों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, जल्द निपटारे की मांग
हनुमानगढ़ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बेची गई गेहूं की फसल का भुगतान नहीं मिलने से परेशान किसान प्रतिनिधियों ने बुधवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने कलेक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की। यह मामला मानूका ग्राम पंचायत, तहसील हनुमानगढ़ के चक 22 एमएमके से संबंधित है।
किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि चक 22 एमएमके में कुलदीप सिंह पुत्र बलराज सिंह की लगभग 22 बीघा कृषि भूमि है। इस भूमि पर 2 किसान अलग-अलग हिस्सों में ठेके पर खेती कर रहे थे। भूमि मालिक ने दोनों किसानों के लिए अलग-अलग ठेकानामा तैयार करवाया था।
आर्थिक परेशानियों का करना पड़ रहा सामना इनमें से एक किसान को उसकी फसल का भुगतान मिल चुका है, लेकिन देवकरण पुत्र चन्दुराम निवासी मानूका को, जिसने लगभग 18 बीघा भूमि ठेके पर लेकर खेती की थी, उसकी एमएसपी पर बेची गई गेहूं की राशि का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।
देवकरण ने बताया कि भुगतान में देरी के कारण उसे गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देवकरण के अनुसार, फसल बेचने के बाद समय पर राशि नहीं मिलने से खेती से जुड़े खर्चों और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
किसान प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर गेहूं की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर मिलना चाहिए ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान न हो। कलेक्टर ने मामले की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
📡 स्रोत: NewsData.io