अपराध

एमपी नगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: नकबजनी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 16 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एमपी नगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: नकबजनी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार

मकानों-दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को देते थे अंजाम, गैस सिलेंडर, लैपटॉप और गुटखा-सिगरेट भी किए थे पार

भोपाल। एमपी नगर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मकानों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों से पूछताछ में गैस सिलेंडर, लैपटॉप सहित गुटखा-सिगरेट चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है।

मामले की शुरुआत 13 सितंबर को हुई, जब 92 वर्षीय फरियादी जनार्दन सिंह निवासी जोन-2, एमपी नगर ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 सितंबर की शाम उनके घर से HP कंपनी का घरेलू गैस सिलेंडर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर एमपी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 366/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयहिन्द शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने राकेश कोरी, विजय खिल्लार, शेख अकील और अजय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने करीब पांच दिन पहले एमपी नगर रेलवे पटरी के किनारे स्थित एक मकान से घरेलू गैस सिलेंडर चोरी करना कबूल किया। वहीं राकेश कोरी ने फरवरी-मार्च के दौरान रचना नगर अंडरब्रिज के आगे रेलवे बाउंड्री के पास एक्टिवा से लैपटॉप चोरी करने और कुछ दिन पहले स्टेट जीएसटी गेट के सामने जोन-1 स्थित एक गुमठी से गुटखा व सिगरेट चोरी करने की वारदात भी बताई।

पुलिस ने आरोपियों को संबंधित प्रकरणों में गिरफ्तार कर माननीय जिला न्यायालय भोपाल में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपी

राकेश कोरी, उम्र 34 वर्ष, निवासी नई सबरी नगर, कमला नगर भोपाल।

विजय खिल्लार, उम्र 51 वर्ष, निवासी बाणगंगा, टीटी नगर भोपाल।

शेख अकील, उम्र 55 वर्ष, निवासी बाणगंगा, टीटी नगर भोपाल।

अजय कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी जवाहर चौक, टीटी नगर भोपाल।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक जयहिन्द शर्मा, सउनि राकेश मिश्रा, सउनि दिनेश खजूरिया, प्रआर मयंद चौहान, प्रआर हरेन्द्र परिहार, आरक्षक विश्वनाथ गुर्जर, राहुल श्रीवास एवं महेन्द्र माली की सराहनीय भूमिका रही।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।