एमटीडब्ल्यू की आवेदन तिथि 1 सितंबर तक बढ़ाने की युवाओं ने की सरकार से मांग
अगस्त 18, शिमला (हिमाचल प्रदेश): मशोबरा ब्लॉक के युवाओं ने प्रदेश सरकार से जल शक्ति विभाग कसुम्पटी मंडल में विभिन्न श्रेणियों के 40 पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के चलते कई युवाओं को आठवीं कक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिल पाया है। ऐसे में बड़ी संख्या में युवा आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं। युवाओं ने सरकार से मांग की है कि आवेदन की अंतिम तिथि को 20 अगस्त से बढ़ाकर कम से कम 01 सितंबर किया जाए, ताकि सभी पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का पर्याप्त अवसर मिल सके। गौरतलब है कि जल शक्ति विभाग के कसुम्पटी मंडल में विभिन्न श्रेणियों के कुल 40 पद भरे जाने हैं। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर के 12, पैरा फिटर के 3 तथा मल्टी टास्क वर्कर के 25 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है। युवाओं ने वर्ष 2024 में हुई मल्टी टास्क वर्करज की भर्ती को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उस भर्ती में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण योग्यता निर्धारित होने के बावजूद कुछ पदों पर अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्त किया गया। युवाओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित योग्यता और नियमों के आधार पर ही होनी चाहिए। युवाओं का यह भी कहना है कि मल्टी टास्क वर्कर के पदों के लिए अनुभव प्रमाण पत्र की शर्त रखी गई है, जबकि अधिकांश स्थानीय युवाओं के पास अनुभव प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से पुराने अनुभव प्रमाण पत्र बनवाने तथा विभाग से काउंटर साइन करवाने की बातें सामने आ रही हैं। युवाओं ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए और चयन पूरी तरह मेरिट एवं निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाना चाहिए। इस संबंध में अधीशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल कसुम्पटी विनोद शर्मा ने बताया कि फिलहाल आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है।