अपराध

एनकाउंटर में बदमाश को गोली लगी, थानेदार-एसआई घायल:बिहटा में परेव घाट के पास सोन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एनकाउंटर में बदमाश को गोली लगी, थानेदार-एसआई घायल:बिहटा में परेव घाट के पास सोन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

बिहटा थाने के परेवघाट के पास सोन में पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना पिलर नंबर 7 के पास हुई। अपराधी नाव पर सवार थे। पुलिस के अनुसार, नाव पर सवार टॉप-10 अपराधी अवनीश कुमार और उसके गुर्गों ने पुलिस पर कारबाइन, राइफल और देसी पिस्टल से करीब 40 राउंड गोलियां चलाईं।

जवाब में पुलिस ने 22 राउंड गोलियां चलाईं। गोलीबारी में बिहटा थाने के एसआई राजू कुमार की बांह को छूते हुए गोली निकल गई। थानेदार अमित कुमार के सिर में चोट लगी। मुठभेड़ में अवनीश के दाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार तड़के भी अवनीश अपने साथियों के साथ सोन नद में आया था। इसकी सूचना पुलिस को मिली।

पुलिस भी नाव से पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अवनीश गिरोह से जुड़े पीयूष को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीयूष कोईलवर का रहने वाला है। पुलिस को देखते ही तीन अपराधी नदी में कूद कर फरार हो गए।

पुलिस ने अपराधियों की नाव से एक देसी कट्टा, दो देसी पिस्टल, एक राइफल, एक देसी कारबाइन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए। घायल अवनीश को पीएमसीएच भेजा गया। एसआई राजू कुमार को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने के बाद एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी वेस्ट संकेत कुमार और दानापुर एसडीपीओ टू एके झा भी मौके पर पहुंचे। पिछले साल भी हुई थी पुलिस से भिड़ंत अवनीश मनेर, बिहटा और आसपास के बालू घाटों पर रंगदारी वसूलने के लिए गिरोह चलाता है। गिरोह में एक दर्जन से अधिक अपराधी हैं। गिरोह घाटों पर रंगदारी वसूलता है।

पुलिस अवनीश को एक साल से तलाश रही थी। पिछले साल भी पुलिस मुठभेड़ में अवनीश फरार हो गया था। रंगदारी के लिए एकजुट हो रहे हैं सभी गिरोह मनेर, बिहटा और आसपास के इलाकों में बालू घाटों से रंगदारी के लिए अपराधियों के गिरोह एकजुट हो गए हैं। कुख्यात विशाल कुमार का शागिर्द है अवनीश। पहले सिपाही और फौजिया गिरोह सक्रिय था।

बाद में यह गिरोह खत्म हो गया। इसके बाद कई अपराधियों ने हाथ मिला लिया। 75 दिन में 5वां एनकाउंटर, सम्राट सरकार में 24वां सम्राट सरकार में अप्रैल से अब तक बिहार में 24 एनकाउंटर हुए हैं। इनमें चार अपराधी ढेर हुए हैं। 20 का हाफ एनकाउंटर हुआ। 17 जून को भोजपुर में भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर हुआ था।

इसमें पुलिस की भारी फजीहत हुई थी। भरत एनकाउंटर के 75 दिन बाद यह 5वां एनकाउंटर है। अवनीश पर सीसीए की तैयारी अवनीश इलाके का कुख्यात अपराधी है। उसने अपराध से करोड़ों की चल-अचल संपत्ति अर्जित की है। उस पर सीसीए लगाने की तैयारी है। सीसीए के लिए स्थानीय पुलिस ने वरीय अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया है।

अवनीश संगठित अपराधियों का गिरोह चलाता है। आने वाले दिनों में ईओयू भी उसके गिरोह की जांच करेगी। पिछले साल बरामद एके-47 भी अवनीश की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरा के एक कुख्यात अपराधी ने उसे एके-47 दी थी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।