खेल

एपीएस धौलाकुआं ने जीता AWES बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट:प्रयागराज में हुए रोमांचक फाइनल में महू को 51-45 से हराया

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एपीएस धौलाकुआं ने जीता AWES बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट:प्रयागराज में हुए रोमांचक फाइनल में महू को 51-45 से हराया

प्रयागराज के आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) न्यू कैंट में आयोजित तीन दिवसीय AWES बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट (बालक वर्ग) 2026 का बुधवार को समापन हुआ। देश भर की छह विद्यालयों की टीमों के बीच खेला गया यह राष्ट्रीय टूर्नामेंट बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबलों का साक्षी बना। टूर्नामेंट के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल धौलाकुआं ने विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

खिताबी मुकाबले में एपीएस धौलाकुआं और एपीएस महू की टीमें आमने-सामने थीं। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के अंतिम क्षणों तक दर्शक रोमांचित रहे, लेकिन धौलाकुआं के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और सटीक बास्केट शूटिंग के बल पर महू को 51-45 के अंतर से पराजित कर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

उपविजेता रही एपीएस महू की टीम को दूसरे स्थान से सन्तोष करना पड़ा। टूर्नामेंट में तीसरे स्थान (कांस्य पदक) के लिए हुए मुकाबले में एपीएस बोलाराम (सिकंदराबाद) ने एपीएस शिलांग को 32-24 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि एपीएस शिलांग चौथे स्थान पर रही। वहीं पांचवें और छठे स्थान के मैच में एपीएस हिसार (हरियाणा) ने एपीएस मथुरा को 28-22 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया और एपीएस मथुरा छठे स्थान पर रही।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल विक्रम राना, ऑफिशिएटिंग चेयरमैन (एपीएस न्यू कैंट, प्रयागराज) ने शिरकत की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन एवं अनुशासन की सराहना करते हुए विजेता टीम एपीएस धौलाकुआं को चैंपियन ट्रॉफी के साथ ₹40,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं उपविजेता एपीएस महू की टीम को ₹30,000 की नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

इस तीन दिवसीय आयोजन का सफल संचालन विद्यालय की प्राचार्या नीना शंकर के मार्गदर्शन तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर जागृति गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागी टीमों, उनके कोचों और मैच निर्णायकों का आभार व्यक्त किया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।