राजनीति

एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज का हमला, राहुल गांधी पर लगाए कई आरोप

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज का हमला, राहुल गांधी पर लगाए कई आरोप

अक्तूबर 01, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। धर्मशाला में प्रेसवार्ता में भारद्वाज ने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों की ओर से देशभर में भ्रम फैलाने और गलत जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. भारद्वाज ने कहा कि हाल ही में चुनाव आयोग की पूर्ण बैठक के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया कि एसआईआर से जुड़े सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे उन दावों पर सवाल उठते हैं जिनमें चुनाव आयुक्तों के बीच सहमति नहीं होने की बात कही गई थी।

सांसद ने फॉर्म-6 को लेकर भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान इस्तेमाल होने वाले फॉर्म और घोषणा संबंधी प्रक्रिया को लेकर भी भ्रम फैलाया गया। उनका दावा था कि संबंधित प्रावधानों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला उठाया गया था और अदालत ने प्रक्रिया पर अपनी मुहर लगाई है।उन्होंने एक समाचार रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा कैबिनेट सचिव को लिखे गए पत्र को एसआईआर से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जबकि उनके अनुसार वह पत्र चुनाव आयोग में प्रतिनियुक्त एक अधिकारी की प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित आंतरिक पत्र था और उसका एसआईआर की नीति से कोई संबंध नहीं था।

डॉ. भारद्वाज ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार सिमटती जा रही है और इसी वजह से वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा देश की स्वतंत्र और स्वायत्त संस्थाओं को निशाना बना रही है। सांसद ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर उठाए जा रहे सवालों का भी विरोध किया।

उन्होंने कहा कि भारत का चुनाव आयोग दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया को संचालित करता है और विभिन्न देशों में भारतीय चुनाव प्रक्रिया की प्रशंसा की जाती है। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. भारद्वाज ने राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगाए गए पूर्व आरोपों का भी जिक्र किया।

उन्होंने राफेल मामले, कैग की रिपोर्ट, बालाकोट एयरस्ट्राइक और भारत-चीन सीमा विवाद से जुड़े राहुल गांधी के बयानों पर भी सवाल उठाए। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि विपक्ष को देश की संवैधानिक और स्वायत्त संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय संसद और देश के भीतर लोकतांत्रिक तरीके से मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में जनता के सामने वास्तविक तथ्यों को रखना जरूरी है।

बाइट: डॉ. राजीव भारद्वाज, लोकसभा सांसद

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।