एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की अनुराग ठाकुर ने की सराहना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और हिमाचल के खिलाड़ियों को भी बधाई दी। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने फैसले नियमों के तहत और सर्वसम्मति या बहुमत के आधार पर लिए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एक ही दिन में भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित छह पदक हासिल किए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी मुकाबलों, खासकर कबड्डी में भी भारतीय खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हिमाचल के खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने उन्हें विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ समेत अन्य मुकाबलों का उल्लेख करते हुए आगामी कबड्डी मुकाबलों के लिए भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिना तथ्यों और संबंधित पक्ष के स्पष्टीकरण के एक खबर के आधार पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी चुनावी हार पर पर्दा डालने के लिए अलग-अलग मुद्दे उठा रहा है।
हालांकि, इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में मीडिया रिपोर्टों में चुनाव आयुक्तों की ओर से कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है, जबकि चुनाव आयोग ने कहा है कि अलग-अलग विचार संस्थागत विचार-विमर्श का हिस्सा हैं और उसके आदेश सर्वसम्मति से लिए गए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि विपक्ष कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी एसआईआर को लेकर सवाल उठाता रहा है और अब मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अपने निर्णय सर्वसम्मति और बहुमत के आधार पर लिए हैं। प्रधानमंत्री की मॉर्फ की गई तस्वीर को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एआई और अन्य तकनीकों के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ कर लोगों की छवि खराब करने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता जताई।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए और ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
बाइट- अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद हमीरपुर