खेल

एशियन गेम्स स्वर्ण विजेता खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, इनामी राशि एक करोड़ करने की मांग, सीएम से मिला आश्वासन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
एशियन गेम्स स्वर्ण विजेता खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, इनामी राशि एक करोड़ करने की मांग, सीएम से मिला आश्वासन

अक्तूबर 05, शिमला (हिमाचल प्रदेश): एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश और हिमाचल का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित प्रदेश की अन्य खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने सरकार द्वारा घोषित 33 लाख रुपये की इनामी राशि को बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने और डीएसपी रैंक की नौकरी देने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग इनामी राशि को एक करोड़ रुपये किए जाने की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर पुष्पा राणा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपनाने की अपील भी की।

उन्होंने कहा कि खेल न केवल बेहतर भविष्य का रास्ता बनाते हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर भी प्रेरित करते हैं। गौरतलब है कि एशियन गेम्स में भारत की स्वर्णिम जीत में हिमाचल की बेटियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई थी। खिलाड़ियों ने कहा कि प्रदेश सरकार का सहयोग उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।