एयर फोर्स डे पर जोधपुर के आसमान में दिखा वायुसेना का शौर्य
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
‘तरंग शक्ति’ अभ्यास के बीच जोधपुर एयरबेस पर सूर्यकिरण और सारंग टीम ने रोमांचक एयर शो पेश किया। करीब 13 हजार दर्शकों ने तेजस, राफेल, सुखोई और विदेशी लड़ाकू विमानों का शानदार प्रदर्शन देखा।
जोधपुर, 8 अक्टूबर । एयर फोर्स डे के अवसर पर जोधपुर वायु सेना स्टेशन पर चल रहे बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के बीच भव्य एयर शो का आयोजन किया गया। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और एरोबेटिक टीमों के शानदार प्रदर्शन से जोधपुर का आसमान तिरंगे के रंगों और विमानों की गर्जना से गूंज उठा। एयर शो देखने के लिए करीब 13 हजार दर्शक एयरबेस पहुंचे, जबकि भारी भीड़ के चलते आसपास के लोगों ने अपने घरों की छतों से भी प्रदर्शन का आनंद लिया।
सूर्यकिरण और सारंग ने दिखाया रोमांच
एयर शो में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के 9 हॉक एमके-132 विमानों ने करीब 25 मिनट तक हैरतअंगेज करतब दिखाए। टीम ने तिरंगा, डायमंड, मेजर, तेजस, डीएनए और हार्ट जैसी आकर्षक फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। वर्टिकल क्लाइंब, इन्वर्टेड क्रॉसओवर और बैरल रोल जैसे हवाई करतबों ने भी खूब रोमांच पैदा किया।
वहीं स्वदेशी हेलीकॉप्टर एरोबेटिक टीम ‘सारंग’ के 5 एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ ने एक साथ उड़ान भरते हुए विभिन्न फॉर्मेशन और क्रॉसओवर का प्रदर्शन किया।
तेजस, राफेल और सुखोई ने बढ़ाया रोमांच
एयर शो के दौरान स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस ने कोबरा मैन्युवर का प्रदर्शन किया। इसके अलावा राफेल और सुखोई-30 एमकेआई की सोलो उड़ानों ने भी दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया। स्वदेशी अटैक हेलीकॉप्टर प्रचंड (LCH) के साथ अमेरिकी एफ-16 ने भी अपनी हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
कई देशों के वायुसेना अधिकारी रहे मौजूद
‘तरंग शक्ति’ में हिस्सा ले रहे भारत के साथ अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, श्रीलंका, बांग्लादेश और जर्मनी सहित कई देशों के वायुसेना अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रदर्शनी क्षेत्र में विभिन्न देशों के लड़ाकू विमानों को प्रदर्शित किया गया, जहां स्कूली विद्यार्थियों और आम लोगों ने पायलटों से बातचीत की और तस्वीरें खिंचवाईं।
न्यूजीलैंड के पायलट ने बताया गौरव का अनुभव
रॉयल न्यूजीलैंड एयर फोर्स के फ्लाइट लेफ्टिनेंट बेन पिकरिंग ने ‘तरंग शक्ति 2024’ में ऑब्जर्वर के तौर पर शामिल होने को गौरव का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान उन्हें मिशन प्लानिंग, एग्जीक्यूशन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके अनुसार भारतीय वायुसेना का यह आमंत्रण दोनों देशों की वायुसेनाओं के संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
एयर शो देखने पहुंची छात्रा रिचा जांगिड़ ने इसे अपना पहला एरो शो बताते हुए अनुभव को शानदार बताया। उन्होंने भारतीय वायुसेना में शामिल होने की इच्छा भी जाहिर की। वहीं छात्रा पूनम कंवर राठौड़ ने कहा कि उन्होंने पहली बार फाइटर जेट्स को इतने करीब से देखा और एयर शो का अनुभव बेहद रोमांचक रहा।
आयोजन का उद्देश्य आम जनता को भारतीय वायुसेना की कार्यप्रणाली और क्षमताओं से परिचित कराने के साथ युवाओं में देशसेवा और सशस्त्र बलों में शामिल होने के प्रति रुचि पैदा करना रहा।