फलोदी में 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में पिता के सामने 9 वर्षीय भोमाराम 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। सूचना पर SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बोरवेल में कैमरा डालने पर करीब 640 फीट नीचे बच्चे की हलचल दिखाई दी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
फलोदी, 15 अक्टूबर। जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 9 वर्षीय बच्चा भोमाराम खेत में बने करीब 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसा पूनिया की ढाणी में दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। घटना के समय बच्चे के पिता पाचाराम भी मौके पर मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, खेत में लगा बोरवेल खराब हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए मशीन बुलाई गई थी। बोरवेल से पाइप निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान बच्चा अचानक बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया गया। कैमरे में करीब 640 फीट नीचे बच्चे की हलचल दिखाई देने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की सूचना मिलने पर फलोदी जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी आदित्य काकड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और बचाव दल की निगरानी में बच्चे को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।