अपराध

फलोदी में निकली सेवा ज्योति यात्रा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
फलोदी में निकली सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर फलोदी में सेवा ज्योति और विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित हुई। कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुना और विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान का संकल्प लिया।

फलोदी, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेवा ज्योति एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक पब्बाराम बिश्नोई, पूर्व सांसद पीपी चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति जाणी, संभाग प्रभारी चंपालाल गेदर, चुनाव सह प्रभारी भूपेंद्र देवासी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित सिलोर ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के पद तक अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

सभा के बाद सेवा ज्योति यात्रा के तहत पूर्व सांसद, विधायक, चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी और अन्य भाजपा नेताओं ने मशाल प्रज्वलित की। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ और नई सड़क से नगर परिषद चौराहे तक मशाल ज्योत के साथ पैदल मार्च निकाला गया।

नगर परिषद चौराहे पर यात्रा के समापन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत का संदेश लेकर मशाल ज्योत को चारों दिशाओं में रवाना किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय में अतिथियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उपसभापति महेंद्र सोनी, जिला संगठन प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह, लक्ष्मी बारूपाल, माधोसिंह देवड़ा, जगदीश पालीवाल, पार्षद सौरभ बोहरा, गिरिराज व्यास, शिवप्रकाश पंचारिया, जयप्रकाश बोहरा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाईट- पीपी चौधरी, पूर्व सांसद पाली

बाईट- डॉ जोगेंद्र सिह, राजपुरोहित भाजपा प्रदेश प्रवक्ता।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

किसी भी संघर्ष में हिंसा से दूर रहकर संवाद और कानून का सहारा लेना चाहिए। जब विचारों में मतभेद हो, तो शांतिपूर्ण चर्चा और न्यायालयिक प्रक्रियाएँ समाधान का मार्ग हैं। समाज को एकजुट होकर विकास की दिशा में काम करना चाहिए, न कि विभाजन की। हम सभी को सहानुभूति और सहिष्णुता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि हर व्यक्ति का सम्मान और गरिमा बनी रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।