फर्जी बैंक अफसर बनकर क्रेडिट कार्ड से 1.89 लाख की ऑनलाइन ठगी, दिल्ली से दो शातिर गिरफ्तार

भोपाल देहात। साइबर जालसाजों ने बैंक अधिकारी बनकर एक क्रेडिट कार्ड धारक को अपने जाल में फंसाया और उसके खाते से ₹1,89,296.30 की ऑनलाइन रकम उड़ा दी। बैरसिया थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के जरिए गिरोह के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 7 अगस्त को फरियादी के मोबाइल पर कॉल आया। कॉलर ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड पर ₹2,499 का चार्ज लगने की बात कही और उसे बंद कराने के बहाने व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा।
लिंक के जरिए जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड से ₹1.89 लाख से ज्यादा की रकम Amazon India समेत अन्य एप्लीकेशन के खातों में ट्रांसफर कर दी। शिकायत मिलने पर बैरसिया थाने में मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
साइबर सेल की तकनीकी जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से करीब ₹1,01,180 से Amazon के जरिए गोल्ड कॉइन खरीदे गए, जिनकी डिलीवरी गुरुग्राम स्थित पते पर हुई थी। इसी सुराग और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस टीम दिल्ली और गुरुग्राम पहुंची और दो आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश पिता दयाशंकर गुप्ता निवासी कैलाशपुरी, दिल्ली और बंटी पिता अमरसिंह माहोर, उम्र 29 वर्ष निवासी गीतांजली पार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए अन्य आरोपियों और डिजिटल साक्ष्यों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी समेत बैरसिया पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।