व्यापार

फार्मेसी शिक्षा के दिग्गज शिक्षकों को मिलेगा ‘फार्मा रत्न सम्मान’

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
फार्मेसी शिक्षा के दिग्गज शिक्षकों को मिलेगा ‘फार्मा रत्न सम्मान’

27 अक्टूबर को नई दिल्ली में देशभर के 100 वरिष्ठ शिक्षाविदों का होगा सम्मान

भोपाल नई दिल्ली। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए ‘फार्मा रत्न सम्मान’ की राष्ट्रीय पहल की घोषणा की है। इसके तहत फार्मेसी के क्षेत्र में न्यूनतम 25 वर्षों की अनुकरणीय सेवा देने वाले शिक्षकों को 27 अक्टूबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान समारोह नई दिल्ली के नौरोजी नगर स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परिसर में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रधान कार्यालय में आयोजित होगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित लगभग 100 प्रतिष्ठित शिक्षाविदों को सम्मानित किया जाएगा।

पीसीआई अध्यक्ष ने इस पहल को फार्मेसी शिक्षा की समृद्ध विरासत का सम्मान बताते हुए कहा कि इन शिक्षकों ने फार्मासिस्टों की कई पीढ़ियों को तैयार कर स्वास्थ्य सेवा और औषधि क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

समारोह में पीसीआई की केंद्रीय परिषद के सदस्यों के साथ दवा उद्योग, शिक्षा जगत, नीति निर्माण से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों और अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इस पहल का उद्देश्य फार्मेसी शिक्षा में लंबे समय से योगदान दे रहे शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना और नई पीढ़ी के शिक्षकों को प्रेरित करना है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।