फतेहाबाद में राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप-2026 का आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
एंकर :- गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया और गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के तत्वावधान में फतेहाबाद जिले में सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल गतका चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, दिल्ली, पुडुचेरी, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ सहित देश के 21 राज्यों से आए करीब 1000 लड़के और लड़कियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में हरियाणा भाजपा उपाध्यक्ष एवं सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के महत्व पर जोर देते हुए गतका को सिख इतिहास, शौर्य, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण मार्शल आर्ट बताया।
वहीं, गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी सरदार बलजिंदर सिंह तूर ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और इस पारंपरिक युद्धकला को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गतका सिख परंपरा से जुड़ी प्राचीन युद्धकला है, जिसका ऐतिहासिक रूप से आत्मरक्षा और युद्ध कौशल के लिए अभ्यास किया जाता था।
आज यह पारंपरिक कला खेल के रूप में देशभर में अपनी पहचान बना रही है और इसे खेलो इंडिया में भी शामिल किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में होने वाले खेलो इंडिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर खेलने से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों से सीखने और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों ने बताया कि वे लंबे समय से गतका का अभ्यास कर रहे हैं और इस प्रतियोगिता के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण लिया है।
उन्होंने कहा कि गतका में शारीरिक ताकत के साथ एकाग्रता, फुर्ती, अनुशासन और आत्मरक्षा के कौशल की भी जरूरत होती है। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पारंपरिक खेलों को नई पहचान मिलेगी और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा।