फतेहपुर में बाढ़ के पानी में दिखा मगरमच्छ:गांव में घुसने का डर, ग्रामीणों ने वीडियो वायरल कर वन विभाग की टीम मांगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र के देवमई विकासखंड की ग्राम पंचायत गलाथा बाढ़ से प्रभावित है। यहां बाढ़ के पानी के बीच एक घटना सामने आई है, जिससे पूरे क्षेत्र में डर फैल गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के बाहर अभी भी भरे बाढ़ के पानी में उन्हें कुछ हलचल दिखी।
शक होने पर कुछ ग्रामीण बुधवार सुबह 7 बजे बारिश के बीच पानी के पास गए तो वे हैरान रह गए। पानी में एक बड़ा मगरमच्छ था। ग्रामीण कुछ कर पाते या किसी को बुला पाते, इससे पहले ही मगरमच्छ पानी में घुसकर गायब हो गया। कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मगरमच्छ दिखने की खबर पूरे गलाथा गांव और आसपास की ग्राम पंचायतों अभयपुर, बड़ाखेड़ा, बिंदकी फॉर्म और सदनहा में तेजी से फैल गई। यह अब चर्चा का विषय बन गया है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर डर बढ़ गया है कि अगर इसी तरह खेतों और गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा रहा, तो मगरमच्छ गांव के अंदर भी घुस सकता है। यह रात में घर से निकलने वाले लोगों, बच्चों और पशुओं के लिए खतरनाक हो सकता है और किसी हादसे की वजह बन सकता है।
डरे हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक बाढ़ की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक वन विभाग की टीम को गलाथा और आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों में कुछ समय के लिए तैनात किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने मांग की है कि टीम लगातार नजर रखे, ताकि कोई भी जंगली जीव-जंतु किसी ग्रामीण या जानवरों को परेशान न करें।
साथ ही, समय रहते उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
📡 स्रोत: NewsData.io