फिरोजाबाद नगर निगम में FDR पर सवाल:पार्षद की शिकायत पर फर्मों के काम निरस्त, होगी धोखाधड़ी की कार्रवाई
फिरोजाबाद नगर निगम में विकास कार्यों से संबंधित एफडीआर (फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद) पर सवाल उठ गए हैं। वार्ड संख्या नौ बौघाश्रम की पार्षद प्रीति गुप्ता ने एफडीआर में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को बुधवार को पत्र लिखकर सभी जमा एफडीआर की जांच कराने का अनुरोध किया है। पार्षद प्रीति गुप्ता के अनुसार, कुछ फर्मों द्वारा जमा की गई एफडीआर संदिग्ध या कूटरचित प्रतीत हो रही हैं। उन्होंने मांग की है कि इन सभी एफडीआर का सत्यापन कराया जाए।
जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस मामले में सहायक नगर आयुक्त निहाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रारंभिक जांच की गई है। जांच में यह सामने आया कि जिन फर्मों को संबंधित कार्य आवंटित किए गए थे, उनके कार्य निरस्त कर दिए गए हैं।
निहाल सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर धोखाधड़ी करने वाली फर्मों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। एफडीआर को लेकर उठे इन सवालों के बाद नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में एफडीआर की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और जिम्मेदार फर्मों के खिलाफ क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
📡 स्रोत: NewsData.io