8 फीट का घायल सांप लेकर अस्पताल पहुंचे स्नेक कैचर:डॉक्टर ने की ड्रेसिंग; दाल मील से पकड़ाया था
सागर में मंगलवार को स्नेक कैचर 8 फीट लंबा सांप लेकर पशु चिकित्सालय पहुंच गए। सांप को देखकर अस्पताल में मौजूद स्टाफ दंग रह गया। स्नेक कैचर ने सांप के घायल होने और इलाज कराने की बात कही। इस पर डॉक्टर ने सांप की ड्रेसिंग की। यह पहला मौका था, जब कोई सांप का इलाज कराने पशु अस्पताल पहुंचा था। दाल मिल में बोरियों के बीच मिला सांप दरअसल, मंगलवार सुबह मोतीनगर इलाके में स्थित एक दाल मिल में सांप दिखाई दिया। मजदूर मिल में बोरियां उठाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान बोरियों के बीच सांप दिखाई देने पर मजदूर घबरा गए। उन्होंने तत्काल स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी। स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। गेहूं की बोरियां हटाने के बाद सांप को पकड़ लिया गया। घायल हालत में मिला सांप सांप को देखने पर पता चला कि वह घायल था और उसके शरीर पर चोट लगी हुई थी। यह देखकर स्नेक कैचर उसे बोरी में रखकर पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद स्टाफ से घायल सांप का इलाज करने को कहा। यह सुनकर स्टाफ भी दंग रह गया, क्योंकि अस्पताल में सांप के इलाज का कोई विशेषज्ञ मौजूद नहीं था। ऐसे में डॉक्टर ने सुरक्षित तरीके से सांप को दवा लगाई और उसकी ड्रेसिंग की। इलाज के बाद सांप को जंगल में छोड़ा स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि मिल से सांप का रेस्क्यू कर पकड़ा गया था। वह घायल था, इसलिए उसे पशु अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। मामले की सूचना वन विभाग को भी दी गई। इलाज के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू में पकड़ा गया सांप घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है, जो करीब 8 फीट लंबा था।
📡 स्रोत: NewsData.io