फुटकर कबाड़ी कारोबार पर समस्या रोजी-रोटी बचाने एसपी को सौंपा ज्ञापन

भास्कर न्यूज | बालोद शहर और ग्रामीण अंचलों में वर्षों से फुटकर कबाड़ी व्यवसाय के जरिए परिवार का भरण-पोषण करने वाले व्यवसायियों ने कारोबार पर आए संकट को लेकर आवाज उठाई है।
फुटकर कबाड़ी संघ ने जिला पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौहान एवं थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर नियमानुसार व्यवसाय संचालित करने की अनुमति मांगी है।
भाजपा नेता राकेश यादव के मार्गदर्शन एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर कबाड़ी व्यवसायियों ने बताया कि वे कई वर्षों से शहर और गांवों में घूमकर लोगों के घरों से निकलने वाले टूटे-फूटे लोहे, टीन, प्लास्टिक, कागज, एल्युमिनियम, रद्दी पेपर सहित अन्य अनुपयोगी सामग्री खरीदते हैं।
इसी कारोबार से उनकी और उनके परिवार की आजीविका चलती है। वर्तमान में प्रशासनिक पाबंदियों के चलते उनका काम प्रभावित हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सरपंच एवं आदिवासी नेता पालक ठाकुर, पूर्व सदर राजू भाई, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेश पाठक, जिला कबाड़ी संघ अध्यक्ष विशाल बक्शी, भैय्यालाल, परदेशी, रामदयाल दास बघेल, कन्हैया देवार, अशोक कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में फुटकर कबाड़ी व्यवसायी एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कबाड़ी संघ ने पुलिस प्रशासन से कहा कि वे किसी भी प्रकार की चोरी की सामग्री की खरीदी-बिक्री नहीं करते हैं। व्यवसायियों ने प्रशासन के सभी नियमों का पालन करने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।
📡 स्रोत: NewsData.io