गैरसैण के भराड़ीसैंण में विधानसभा का सत्र शुरू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
27 अक्तूबर 2026, चमोली (भराड़ीसैंण): उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र आज से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू हो गया है। सत्र के दौरान राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी।
सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट और अन्य दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू हुई। इसके बाद सरकार अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयक सदन में प्रस्तुत करेगी। पहले दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा।
राज्य मंत्रिमंडल ने 22 अक्टूबर को अनुपूरक बजट के आकार को मंजूरी दी थी। इसके माध्यम से चालू वित्तीय वर्ष के मूल बजट के अतिरिक्त विभिन्न विभागों की वित्तीय जरूरतों और विकास कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का मूल बजट भी गैरसैंण में ही पेश किया गया था, जिसका आकार करीब एक लाख एक हजार करोड़ रुपये था।
सत्र के दूसरे दिन 28 अक्टूबर को प्रश्नकाल और अनुपूरक बजट सहित पहले दिन प्रस्तुत विधेयकों पर चर्चा कर उन्हें पारित कराने की योजना है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सभी दलों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि विधायकों को अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलना चाहिए।