अपराध

गाजीपुर में MDM खाते में वित्तीय अनियमितता, प्रधानाचार्य निलंबित

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 23 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
गाजीपुर में MDM खाते में वित्तीय अनियमितता, प्रधानाचार्य निलंबित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सुभाष नगर महाजन टोली स्थित कंपोजिट विद्यालय के मिड-डे मील (MDM) खाते में वित्तीय अनियमितता और फर्जी मुहर के आरोप सिद्ध होने पर प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि जांच में प्रधानाचार्य के खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए। यह मामला विद्यालय के MDM खाते से वर्ष 2022 से 2026 के बीच हुए लेनदेन से संबंधित है। बैंक लेनदेन विवरण के अनुसार, खाते से अलग-अलग तारीखों में कई बार नकद निकासी की गई।

इसमें 10 अगस्त 2023 को 45 हजार रुपये और 19 अक्टूबर 2023 को 9 हजार रुपये सहित कुल लगभग 6.97 लाख रुपये की नकद निकासी दर्ज है। इसी अवधि में, 24 अगस्त 2022 को 49,370 रुपये और 19 मई 2023 को 48,916 रुपये, यानी कुल 98,286 रुपये प्रधानाचार्य की पत्नी रेनू सिंह के एसबीआई खाते में NEFT के माध्यम से ट्रांसफर किए गए थे।

मामले में वार्ड-5 के सभासद शनि चौरसिया ने चेक पर किए गए हस्ताक्षर को अपना मानने से इनकार किया था। उन्होंने दावा किया था कि चेक पर वार्ड-5 की जगह वार्ड-13 की मुहर लगी थी। इसके बाद बैंक से चेक का भुगतान होने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठे थे।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह ने पहले बताया था कि सभासद से हस्ताक्षर कराने के लिए चेक दिए जाने के बाद सभासद उसे लेकर अंदर चले जाते थे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं होती थी कि चेक पर किसकी मुहर लगती थी और कौन हस्ताक्षर करता था। उनके अनुसार, चेक बैंक पहुंचने के बाद नकद रकम लेकर वापस आया जाता था।

बैंक ने किस आधार पर चेक का भुगतान किया, इस पर प्रधानाचार्य ने कहा था कि इसकी जानकारी बैंक ही दे सकता है। मामले की आगे की पड़ताल के लिए दो सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।