गंडक नदी में अभूतपूर्व जलस्तर, NASA रिपोर्ट में बाढ़ की गंभीरता का जिक्र
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Marking : Lead All
गंडक नदी में अभूतपूर्व जलस्तर, NASA रिपोर्ट में बाढ़ की गंभीरता का जिक्र
विजय कुमार चौधरी ने बताया कि NASA Earth Observatory ने अपनी रिपोर्ट “Rains Swamp the Gandak River” में नेपाल और भारत में गंडक नदी के रिकॉर्ड जलस्तर और बाढ़ का उल्लेख किया है।
03 अक्टूबर , पटना (पटना, बिहार) : बिहार में हाल ही में आई बाढ़ की गंभीरता को लेकर उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि गंडक नदी में इस बार अभूतपूर्व जलस्तर दर्ज किया गया। उनके मुताबिक, गंडक में आई बाढ़ की स्थिति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वैज्ञानिक और सैटेलाइट आंकड़ों के माध्यम से दर्ज किया गया है।
विजय कुमार चौधरी ने बताया कि NASA Earth Observatory ने 2 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट “Rains Swamp the Gandak River” में नेपाल और भारत में गंडक नदी के रिकॉर्ड जलस्तर और इसके कारण बड़े क्षेत्र में आई बाढ़ का उल्लेख किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 24 से 27 सितंबर के बीच नेपाल के लुंबिनी और गंडकी प्रांतों में भारी बारिश हुई। इसके कारण कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। भारी बारिश के चलते गंडक नदी, जिसे नेपाल में नारायणी नदी के नाम से जाना जाता है, नेपाल और भारत के कई इलाकों में रिकॉर्ड जलस्तर तक पहुंच गई।
NASA के 20 सितंबर और 29 सितंबर 2026 के सैटेलाइट चित्रों के तुलनात्मक अध्ययन में बाढ़ के विस्तार को स्पष्ट रूप से देखा गया। रिपोर्ट में नेपाल के देवघाट में 27 सितंबर को गंडक नदी का जलस्तर 11.94 मीटर तक पहुंचने का उल्लेख है। रिपोर्ट के मुताबिक, 1960 के दशक में जलस्तर की माप शुरू होने के बाद यह देवघाट में दर्ज किया गया सबसे ऊंचा जलस्तर था।
रिपोर्ट में भारत के बगहा, डुमरियाघाट, रेवा घाट और लालगंज समेत कई स्थानों पर भी नए उच्चतम जलस्तर दर्ज किए जाने का उल्लेख किया गया है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि इस बार गंडक नदी में बाढ़ की स्थिति सामान्य मौसमी परिस्थितियों से अलग रही। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में हुई अत्यधिक बारिश के कारण असाधारण जलप्रवाह देखने को मिला। इसका असर बिहार के पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण और मुजफ्फरपुर के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ के रूप में सामने आया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
इस स्टोरी फोल्डर में :
बाइट: विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री, बिहार
Caption : विजय कुमार चौधरी ने बताया कि NASA Earth Observatory ने अपनी रिपोर्ट “Rains Swamp the Gandak River” में नेपाल और भारत में गंडक नदी के रिकॉर्ड जलस्तर और बाढ़ का उल्लेख किया है।