गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 104 गुम हुए मोबाइल फोन लौटाए:'मिशन सहयोग' के तहत लोगों को वापस मिले फोन, पुलिस का जताया आभार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 'मिशन सहयोग' अभियान के तहत 104 गुम हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस लौटा दिए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान से लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई। डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि शनिवार को ग्रेटर नोएडा जोन की सर्विलांस सेल और ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से ये फोन बरामद किए।
अलग-अलग कंपनियों के इन 104 स्मार्टफोन की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। ज्यादातर फोन भीड़ वाली जगहों, बाजारों, या दोपहिया वाहन चलाते समय गिर गए थे। कुछ फोन ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान छूट गए थे। इन सभी फोनों के गुम होने की शिकायत ग्रेटर नोएडा जोन के अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई थी।
सर्विलांस सेल ने तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की मदद से इन फोनों का पता लगाया। मोबाइल फोन वापस मिलने पर सभी लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का धन्यवाद किया और उनके काम की तारीफ की। ये फोन 2023, 2024 और 2025 में गुम हुए थे। लोगों ने अपने फोन खोने की शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर इनकी लगातार निगरानी की जा रही थी।
एक व्यक्ति ने 3 साल बाद अपना फोन मिलने पर कहा, “मुझे विश्वास नहीं था कि मेरा फोन कभी वापस मिलेगा और पुलिस खुद फोन करके हमें हमारा फोन लौटाएगी। इसके लिए पुलिस का धन्यवाद।” अगर आपका फोन भी कहीं पर गुम हो जाता है या खो जाता है तो आप भी यूपी कॉप या नजदीकी थाने में शिकायत करने के बाद ceir पोर्टल पर अपनी शिकायत अपलोड कर सकते हैं, उस पोर्टल पर लगातार मोबाइल फोन की निगरानी की जाएगी और मोबाइल को ट्रेस किया जाएगा।
📡 स्रोत: NewsData.io