गयाजी में शहीदों के लिए निकलेगी तर्पण यात्रा:27 सितंबर से श्रीमद्भागवत कथा, शहीदों को श्रद्धांजलि देने की अपील की
गयाजी में पितृपक्ष महोत्सव के दौरान भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों की स्मृति में एक विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। श्री रघुनंदन जी सेवा समिति 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन करेगी। इस साल यह पूरा आयोजन भारतीय सेना के शहीद जवानों को समर्पित रहेगा।
आयोजन के तहत गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शहीद सैनिकों की स्मृति में पहली बार तर्पण यात्रा भी निकाली जाएगी। बुधवार को एक प्रेस वार्ता में संस्था की ओर से यह जानकारी दी गई। श्रीमद्भागवत कथा-प्रवचन का आयोजन होगा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन गयाजी शहर स्थित सिंह पेट्रोल पंप, जेल प्रेस कॉलोनी परिसर में होगा।
रोज सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कथा का मूल पाठ किया जाएगा, जबकि शाम 3:30 बजे से 7:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा-प्रवचन का आयोजन होगा। वृंदावन से आ रहे आचार्य श्री कृष्ण निलेश शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा सुनाएंगे।
शहर के सिकड़िया मोड़ स्थित कार्यालय में आयोजित पीसी में थल सेना के धर्म शिक्षक संजीत तिवारी ने बताया कि श्री रघुनंदन जी सेवा समिति पिछले तीन वर्षों से शहीद जवानों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कर रही है। इस साल इसे विशेष रूप से भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों को समर्पित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य केवल कथा और आध्यात्मिक लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना भी है। उन्होंने आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने की अपील की।
गांधी जयंती पर निकलेगी ऐतिहासिक तर्पण यात्रा आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण और विशेष आकर्षण 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन निकलने वाली तर्पण यात्रा होगी। आयोजकों के अनुसार, गयाजी में शहीद सैनिकों की स्मृति में इस तरह की तर्पण यात्रा और तर्पण कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
तर्पण यात्रा सिकरिया मोड़ से शुरू होकर 5 नंबर गेट, बाईपास होते हुए सीताकुंड पहुंचेगी। सीताकुंड में शहीद जवानों की स्मृति में विधिवत तर्पण अनुष्ठान किया जाएगा। धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन के माध्यम से देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
शहीदों को श्रद्धांजलि देने जुटेंगे लोग रघुनंदन सेवा समिति के कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार तिवारी ने बताया कि पूरा कार्यक्रम भारतीय सेना के शहीद जवानों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कर्नल विक्रम सिंह भी विधिवत अनुष्ठान में शामिल होकर कार्यक्रम को संपन्न कराएंगे।
आयोजकों का कहना है कि श्रीमद्भागवत कथा में सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। कथा के माध्यम से जहां लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति का संदेश मिलेगा, वहीं तर्पण यात्रा देश के वीर सपूतों के प्रति समाज की सामूहिक श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बनेगी।
आम लोगों से शामिल होने की अपील श्री रघुनंदन जी सेवा समिति ने शहरवासियों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने की अपील की है। साथ ही 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली तर्पण यात्रा में सहभागी बनकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया गया है।
पितृपक्ष के दौरान होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति और शहीदों के सम्मान का संदेश भी देगा। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक इस आयोजन से जुड़ेंगे और देश के वीर जवानों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।
📡 स्रोत: NewsData.io