राज्य

घनसाली क्षेत्र के 36 श्रद्धालु कैंची धाम और जागेश्वर धाम की यात्रा पर रवाना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
घनसाली क्षेत्र के 36 श्रद्धालु कैंची धाम और जागेश्वर धाम की यात्रा पर रवाना

27 अक्तूबर 2026, टिहरी गढ़वाल: दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत टिहरी गढ़वाल जिले के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में घनसाली क्षेत्र के 36 श्रद्धालुओं का दल चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर कैंची धाम और जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। ग्राम प्रधान भटवाड़ा सेमल्डीधार मनीषा भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि दल में 19 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैंची धाम, जागेश्वर धाम सहित आसपास के अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस, आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दल के साथ एक गाइड भी रहेगा।

उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में अब तक इस योजना के तहत 150 से अधिक वरिष्ठ श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, गंगोत्री, रीठा मीठा साहिब, जागेश्वर, कालीमठ और गंगोलीहाट सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है।

योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।