देश

घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की उपलब्धता पर्याप्त

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 27, नई दिल्ली: सरकार ने आगामी महीनों में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मौसमी मूल्य दबाव को कम करने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की लक्षित आपूर्ति शुरू कर दी है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा है कि आगामी महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए प्याज की उपलब्धता पर्याप्त है, क्योंकि 2025-26 के लिए प्याज का अनुमानित उत्पादन 307 लाख मीट्रिक टन से अधिक है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि उत्पादन की अनुकूल संभावनाओं को देखते हुए, सरकार ने 2026-27 के दौरान मूल्य स्थिरीकरण कोष बफर के लिए रबी प्याज की 2 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। खरीद प्रक्रिया 15 मई से शुरू हुई और बफर के लिए लगभग एक लाख 21 हजार मीट्रिक टन प्याज की खरीद की जा चुकी है।

मंत्रालय ने बताया कि प्याज को मोबाइल वैन और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ या एनसीसीएफ और राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ या नेफेड के खुदरा आउटलेट के साथ-साथ सफल और केंद्रीय भंडार के आउटलेट के माध्यम से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाएगा।

मंत्रालय ने बताया कि पहली कांदा एक्सप्रेस नासिक से रवाना हो चुकी है और लगभग 800 मीट्रिक टन प्याज लेकर आज दिल्ली राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र पहुंचने की उम्‍मीद है। साथ ही, देश भर के अन्य प्रमुख खपत केंद्रों तक सड़क परिवहन के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है। फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।