अपराध

घायल पशु दिखे तो 24 घंटे में पहुंचेगी टीम

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 21 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
घायल पशु दिखे तो 24 घंटे में पहुंचेगी टीम

भास्कर न्यूज | कवर्धा सड़क पर घूमने वाले बीमार और घायल पशुओं के रेस्क्यू से लेकर उनके इलाज और सुरक्षित रखने तक की व्यवस्था अब ज्यादा व्यवस्थित करने की तैयारी है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में गौ सेवकों और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में उपलब्ध पशु रेस्क्यू वाहन को 24 घंटे संचालित करने और सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। गौ सेवकों ने पशुओं के रेस्क्यू और उपचार के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी दी। डिप्टी सीएम ने कहा कि गौ सेवक बीमार और घायल पशुओं को सड़क से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

उनकी सेवा को देखते हुए संपर्क व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि रेस्क्यू या अन्य जरूरत के समय उन्हें तत्काल मदद मिल सके। स्वर्ण जयंती परिसर का निरीक्षण कर वहां पशु चिकित्सालय को शिफ्ट करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों और गौ सेवकों से परिसर का निरीक्षण कर वहां चिकित्सालय स्थानांतरित करने के लिए जानकारी मांगी।

उद्देश्य ऐसा स्थान तैयार करना है, जहां घायल व पशुओं के इलाज की सुविधा हो। विजय शर्मा ने पशुपालन विभाग के चिकित्सकों, सहायक चिकित्सकों और उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी भी ली। उन्होंने प्रत्येक चिकित्सक की पदस्थापना और कार्यक्षेत्र की जानकारी लेकर यह देखने कहा कि किन क्षेत्रों में पशु उपचार की ज्यादा जरूरत है।

सभी चिकित्सकों की बैठक लेकर रेस्क्यू और उपचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। गांवों में किसानों से संपर्क कर अधिक से अधिक पैरादान कराने के लिए प्रेरित करने कहा। किसानों से फसल अवशेष जलाने के बजाय उसे गौवंश के लिए दान करने की अपील की जाएगी। सड़क पर बैठे पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हादसे वाले और अधिक मोड़ वाले स्थानों को चिह्नांकित करने पर भी चर्चा हुई।

जरूरत के अनुसार इन स्थानों पर बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।