गोल्डी बराड़ ने ली निज्जर हत्याकांड की जिम्मेदारी? तीन साल बाद बड़ा खुलासा

कनाडा में NIA द्वारा नामित आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के करीब तीन साल बाद मामले में नया दावा सामने आया है. गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ ने कथित तौर पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में निज्जर की हत्या में अपने और अपने गैंग के शामिल होने की बात कही है.
ये ऑडियो फाइलें कथित तौर पर एंटी-गैंग अभियान 'ऑपरेशन हार्डबॉल' से जुड़ी बताई जा रही हैं. कनाडा की कमेंटेटर और पत्रकार रुचि वाली ने इन्हें सोशल मीडिया पर जारी किया है. हालांकि इन कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और इनमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. कथित ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने क्या कहा?
कथित ऑडियो टेप में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी बराड़ की आवाज होने का दावा किया जा रहा है. इसमें वह कथित तौर पर निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात करता सुनाई देता है.
कथित रिकॉर्डिंग के मुताबिक, बराड़ ने कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई (बलकरण बराड़) की तरह कायर नहीं है और निज्जर को मरवाने में अपनी भूमिका स्वीकार करता है. उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि बिश्नोई ने उसे यह कदम उठाने के लिए तैयार किया था. निज्जर पर युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करने का आरोप
कथित ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने निज्जर पर 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करने और उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया. उसने कथित तौर पर कहा कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन और उन्हें मजबूत करता था, जो युवाओं से ड्रग्स बिकवाते थे और जरूरत के मुताबिक उनका इस्तेमाल करते थे.
बराड़ के कथित बयान के अनुसार, इसी वजह से उसने और उसकी टीम ने निज्जर की हत्या करने का फैसला लिया. उसने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ता है. 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के बाद FBI ने गोल्डी बराड़ को बताया था वांटेड
इस साल जुलाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के बाद अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गोल्डी बराड़ को वांटेड बताया था. FBI के अनुसार, सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़ा है.
इस गिरोह पर दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा में राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, हमले और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे कई हिंसक अपराधों में शामिल होने का आरोप है.
FBI के मुताबिक, सिंह अमेरिका में स्थित है और उत्तर अमेरिका में इस ग्रुप का कथित नेता है. अमेरिका में गोल्डी बराड़ के खिलाफ वारंट 1 जुलाई 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की लॉस एंजिल्स स्थित संघीय अदालत ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
उस पर RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) Conspiracy, जबरन वसूली के जरिए कारोबार में हस्तक्षेप की साजिश और प्रयास, तथा नियंत्रित पदार्थों को बांटने और उन्हें बांटने के इरादे से रखने की साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं.
निज्जर की हत्या से भारत-कनाडा संबंधों में आया था तनाव हरदीप सिंह निज्जर की हत्या भारत और कनाडा के बीच बड़ा कूटनीतिक विवाद बन गई थी. तत्कालीन कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या को भारतीय सरकारी एजेंटों से जोड़ने का आरोप लगाया था. भारत ने इन आरोपों को सख्ती से खारिज किया था.
बाद में RCMP (रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस) के कमिश्नर ने भारत से जुड़े आरोपों पर सवाल उठाते हुए निज्जर की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गैंग सदस्यों की भूमिका की ओर इशारा किया था. ऐसे में अब सामने आए इस कथित ऑडियो ने निज्जर हत्याकांड को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है.
हालांकि, रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता और गोल्डी बराड़ द्वारा किए गए कथित दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.
📡 स्रोत: NewsData.io