गोरखपुर की 73 हजार महिलाएं बनीं डेयरी की ताकत

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महिला सशक्तीकरण के विजन के तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रहा है। एमपीओ से गोरखपुर समेत 7 जिलों के 1200 गांवों की करीब 73 हजार महिलाएं जुड़ी हैं।
यहां रोजाना करीब 1.5 लाख लीटर दूध इकट्ठा किया जा रहा है। दूध का भुगतान हर 10 दिन में सीधे महिलाओं के बैंक खातों में किया जाता है। पिछले तीन साल में महिलाओं को करीब 300 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।एमपीओ की ओर से महिलाओं को पशु खरीदने के लिए बैंक से करीब 10 करोड़ रुपये का पशु ऋण भी दिलाया गया है।
इसके अलावा पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल पशु चिकित्सा वैन, पशुपालन प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।महिला पशुपालक परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए अब तक 100 घरेलू बायोगैस संयंत्र भी लगाए गए हैं।
वहीं पशुपालन और दूध उत्पादन का वैज्ञानिक प्रशिक्षण देने के लिए पहले चरण में 50 महिलाओं को गुजरात के आणंद स्थित एनडीडीबी भेजा गया है।एमपीओ के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ गांवों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।