गोरखपुर KGBV हॉस्टल से भागी 3 छात्राएं बिहार में मिली:बोलीं- हाई-फाई लाइफ जीने की चाहत में बाहर भागी, टूट गया सपना
गोरखपुर के राजघाट इलाके के नार्मल स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) से मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तीन छात्राएं हॉस्टल से भाग गईं।
नाबालिग छात्राओं के लापता होने की सूचना मिलते ही ढूंढने के लिए राजघाट, कोतवाली और तिवारीपुर थानों की पांच पुलिस टीमें लगाईं गईं। 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने बुधवार शाम करीब 6 बजे तक तीनों छात्राओं को बिहार से बरामद कर लिया।
तीनों छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर में रखकर काउंसिलिंग की जा रही है। छात्राओं ने पूछताछ में बताया कि वे हाई-फाई जीवन जीना चाहती हैं। सपना है कि एक दिन उनके पास भी कार और बंगला हो। इसलिए तीनों ने बाहर जाकर नौकरी करने का प्लान बनाया था। पकड़े जाने पर छात्राएं बोलीं कि उनका सपना टूट गया।
पॉकेट मनी खर्च कर बिहार पहुंच गईं तीनों छात्राओं की उम्र 13, 16 और 17 वर्ष है। पुलिस के मुताबिक, हॉस्टल से निकलते समय छात्राओं के पास उनकी पॉकेट मनी थी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पहले तीनों रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास घूमती रहीं। इसके बाद एक छात्रा के रिश्तेदार सिंघड़िया में रहते हैं, तीनों वहां चली गईं।
वहां सुबह एक छात्रा रुक गई जबकि दो अन्य नंदानगर बस स्टैंड पहुंचीं। बस से बिहार के गोपालगंज चली गईं। छात्राओं के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी। शहर के 150 से अधिक कैमरों की जांच में दोनों छात्राएं नंदानगर के पास दिखाई दीं।
इसके आधार पर पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और पूछताछ में उनके गोपालगंज जाने की जानकारी मिली। टीम गोपालगंज पहुंची तो पता चला कि छात्राएं वहां से गोरखपुर जाने वाली बस में सवार होकर निकल चुकी हैं। इसके बाद पुलिस ने बस स्टैंड पर टीम तैनात कर दी। बुधवार शाम करीब 6 बजे दानों छात्राओं को वहीं से बरामद कर लिया गया।
वहीं, एक छात्रा को सुबह ही रिश्तेदार के घर पर मिल गई थी। हॉस्टल से आजाद होना चाहती थीं पुलिस की पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि वे हॉस्टल की जिंदगी से ऊब गई थीं और बाहर घूमना चाहती थीं। उन्हें नौकरी करके जल्दी अमीर बनना था। इसी वजह से उन्होंने हॉस्टल से निकलने का फैसला किया।
करीब एक दिन बाद उन्हें अपने फैसले पर पछतावा हुआ और वे वापस लौट आईं। जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से एक छात्रा पहले भी हॉस्टल से भाग चुकी थी। इस संबंध में एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि छात्राओं के लापता होने की सूचना के बाद जांच के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं। तीनों को बरामद कर लिया गया है।
वन स्टॉप सेंटर में उनकी काउंसिलिंग की जा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io