राज्य

ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 26 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्रामीण जीवन को सुगम बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि देश में गरीब, किसान, मजदूर और युवा चार प्रमुख वर्ग हैं और सरकार इनके कल्याण के लिए काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को प्रतापगढ़ जिले में जनसभा को संबोधित कर रहे ​थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 924 करोड़ रुपये की लागत के 1,452 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही कॉनफेड और राजसंघ के बीच वन धन केंद्रों द्वारा तैयार उत्पादों के विपणन एवं बिक्री के लिए एमओयू भी किया गया। साथ ही, राजसंघ के ब्रांड ‘वनगिरी’ और इसके तहत तैयार पहले उत्पाद ‘आदिपराग’ शहद का लोकार्पण किया गया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीपेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शंकर का पंचामृत से अभिषेक किया। प्रतापगढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक गैर नृत्य के साथ स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में वर्षों से पानी के अटके समझौतों को पूरा किया है और प्रदेश की पानी की समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश के 26 जिलों में दिन के समय कृषि बिजली उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है और वर्ष 2027 में किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उत्थान के लिए भी लगातार काम कर रही है। विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी है। इस दौरान जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुनलाल जीनगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।