देश

ग्रामीण विकास मंत्री से जुन्गा पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने की शिष्टाचार भेंट

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 20, शिमला (हिमाचल प्रदेश): ग्राम पंचायत जुन्गा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान रामलाल के नेतृत्व में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जुन्गा पंचायत की विभिन्न विकासात्मक समस्याओं से मंत्री को अवगत करवाते हुए उनके समाधान के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में उपप्रधान ईश्वर दत्त शर्मा, वार्ड सदस्य योगमाया शर्मा, उर्मिल, रेखा, रमेश और अजय शामिल रहे।

प्रधान रामलाल ने मंत्री को बताया कि जुन्गा अब केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि तेजी से एक कस्बे के रूप में विकसित हो रहा है। क्षेत्र में बढ़ती आबादी और गतिविधियों के चलते सफाई व्यवस्था, सड़कों, नालियों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव पर पंचायत पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पंचायत के पास आय के सीमित साधन होने के कारण जुन्गा के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने मंत्री से जुन्गा कस्बे के विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था और नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पंचायत को अतिरिक्त फंड उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।

ग्रामीण विकास मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि जुन्गा के चहुंमुखी विकास में धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने पंचायत को हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।

साथ ही उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि पंचायत स्तर पर आय के नए एवं स्थायी संसाधन विकसित किए जाएं, ताकि पंचायत आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।