व्यापार

ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

सितंबर 25, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश को ग्लोबल सोर्सिंग हब बनाने की दिशा में आज से ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण शुरू हो रहा है। 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘बेहतरीन खरीदारी की शुरुआत यहीं से’ रखी गई है। आयोजन के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश और विदेश के बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक ‘एक जिला, एक उत्पाद’ यानी ODOP से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों समेत विभिन्न उत्पादों को वैश्विक खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष ‘एक जिला, एक व्यंजन’ पहल की भी शुरुआत की जा रही है।

आयोजकों के मुताबिक, ट्रेड शो में 2 हजार 400 से अधिक प्रदर्शकों, करीब डेढ़ लाख बिजनेस खरीदारों और साढ़े चार लाख से अधिक आम दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी आयोजन में हिस्सा लेंगे।

इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देश हैं। व्यापार और उद्योग में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए करीब 300 महिला प्रतिनिधियों के भी आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल होने की उम्मीद है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए राज्य के उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के साथ निवेश और व्यापार के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

फ़ाइल फ़ोटो

💡 पृष्ठभूमि (Background)

ग्रेटर नोएडा में शुरू होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब बनाने के प्रयास का हिस्सा है। यह आयोजन उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों को एक मंच देता है, जहाँ वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकते हैं। इस खबर का महत्व है क्योंकि यह राज्य के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और व्यापारिक नेटवर्क को विस्तृत करने का संकेत देती है। आम जनता को इससे बेहतर खरीदारी विकल्प, रोजगार के अवसर और स्थानीय उद्योगों की प्रगति का लाभ मिल सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।