गृह मंत्री अमित शाह आज ANTF राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 22, नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह आज मादक पदार्थ-रोधी कार्यबल के प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का नई दिल्ली में उद्घाटन करेंगे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन की थीम 'एकजुट संकल्प, साझा जिम्मेदारी' है। सम्मेलन में वर्ष 2026 से 2029 के बीच मादक पदार्थों के खिलाफ तय लक्ष्यों को हासिल करने में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की भूमिका पर चर्चा होगी।
गृह मंत्री इस अवसर पर लोगों में मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए टेलीविजन विज्ञापन जारी करेंगे। साथ ही, लखनऊ और देहरादून में NCB के नए क्षेत्रीय परिसरों की आधारशिला रखेंगे। सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुखों के अलावा विभिन्न सरकारी विभागों और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग को मजबूत करना है, ताकि मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सके और नशा-मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत साझेदारी विकसित की जा सके।