खेल

ग्रीन पार्क में बारिश ने बिगाड़ा खेल:कानपुर सुपरस्टार्स और गोरखपुर लायंस का मैच रद्द, टॉस तक नहीं हो सका

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
ग्रीन पार्क में बारिश ने बिगाड़ा खेल:कानपुर सुपरस्टार्स और गोरखपुर लायंस का मैच रद्द, टॉस तक नहीं हो सका

कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के अंतिम मुकाबले का अंत बेहद निराशाजनक रहा। मंगलवार को कानपुर सुपरस्टार्स और गोरखपुर लायंस के बीच खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया।

मूसलाधार बारिश के चलते मैच में टॉस तक नहीं हो सका और देर रात तक इंतजार करने के बाद मैच रेफरी ने मुकाबला रद्द करने का आधिकारिक ऐलान किया। रात 10:48 बजे तक इंतजार, फिर रद्द घोषित हुआ मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होने वाले इस मैच को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह था।

हालांकि, मुकाबले से ठीक पहले शुरू हुई बारिश थमने का नाम नहीं ले रही थी। मैच अधिकारियों और अंपायरों ने मैदान सुखाने का काफी इंतजार किया, लेकिन रात 10:48 बजे तक जब स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, तो मैच रेफरी ने मुकाबला रद्द घोषित कर दिया। इस फैसले के साथ ही दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा।

दर्शकों को मिले ऑटोग्राफ बैट-बॉल, ग्राउंड्समैन का हुआ सम्मान मैच रद्द होने के बावजूद स्टेडियम में डटे फैंस का दिल जीतने के लिए यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल ने एक खास पहल की। क्रिकेट प्रेमियों के जुनून और प्यार का आभार जताने के लिए दर्शकों को खिलाड़ियों के हस्ताक्षर (ऑटोग्राफ) किए हुए मिनी बैट और गेंद बांटे गए।

इसके अलावा, पूरे टूर्नामेंट के दौरान विपरीत परिस्थितियों में भी पिच और मैदान को तैयार रखने वाले ग्रीन पार्क के ग्राउंड्समैन को मैदान में सम्मानित किया गया। लीग के कानपुर लेग के समापन पर स्टेडियम में जमकर आतिशबाजी भी की गई।

अंक तालिका में 5वें स्थान पर गोरखपुर, सबसे नीचे कानपुर लीग चरण की समाप्ति के बाद अंक तालिका में गोरखपुर लायंस 10 मैचों में 7 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही।

वहीं, मेजबान कानपुर सुपरस्टार्स का प्रदर्शन इस सीजन में बेहद निराशाजनक रहा और टीम 10 मैचों में महज 5 अंक लेकर सबसे निचले (छठे) स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।